बिन्द मूवीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित की जा रही भोजपुरी फिल्म राम मिलाये जोड़ी का धूमधाम से संगीतमय मुहूर्त करके संगीत रिकॉर्डिंग शुरू किया गया। लोकप्रिय गीतकार प्यारेलाल यादव कवि जी के लिखे गीत को मशहूर पार्श्वगायिका इन्दु सोनाली के सुमधुर आवाज में स्वरबद्ध किया कुशल संगीतकार ओम झा ने।
फिल्म के निर्माता वीरेन्द्र बिन्द, महेन्द्र बिन्द व राम प्रकाश बिन्द हैं। फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं कई हिन्दी फिल्मों में सहायक निर्देशक रह चुके आफताब अली। फिल्म के लेखक अनिल विश्वकर्मा, सिनेमैटोग्राफर डी के शर्मा, नृत्य निर्देशक संतोष कुमार हैं। मुख्य भूमिका में नवोदित भोजपुरी लोकगायक अजय यादव, अर्चना सिंह, गोपाल राय, राम मिश्रा, बंदिनी मिश्रा, पप्पू यादव, संजय वर्मा, पूनम वर्मा, दीपक पंडित तथा बालेश्वर सिंह हैं।
गौरतलब है कि भोजपुरी फिल्म राम मिलाये जोड़ी के जरिये भोजपुरी लोक गायक अजय यादव बतौर नायक अपने फिल्मी करियर की शुरुआत कर रहे हैं। रुपहले परदे पर इनका साथ दे रही है नायिका ग्लैमर क्वीन अर्चना सिंह। सिनेप्रेमियों को यह रोमांटिक जोड़ी बेहद पसंद आयेगी। इस फिल्म की शूटिंग 5 नवम्बर से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में की जायेगी।